NEWS NATIONAL
उत्तराखंड सरकार ने पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा reshuffle करते हुए शनिवार देर शाम 15 आईपीएस अधिकारियों के व्यापक तबादले किए। लंबे समय से प्रतीक्षित इस सूची में कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारियों का फेरबदल किया गया है। इस तबादला सूची में 2013 बैच की तेजतर्रार आईपीएस तृप्ति भट्ट सबसे प्रमुख नाम रहीं, जिन्हें दो अहम पदों की जिम्मेदारी एक साथ सौंपी गई है।
तृप्ति भट्ट को मिली दोहरी जिम्मेदारी
आईपीएस तृप्ति भट्ट को अपर सचिव गृह एवं कारागार विभाग नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें पुलिस अधीक्षक फायर सर्विस का प्रभार भी सौंपा गया है। देहरादून में एसपी इंटेलिजेंस एवं सिक्योरिटी की भूमिका में अपनी दक्षता साबित कर चुकीं तृप्ति भट्ट को सरकार ने एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर भरोसा जताया है।
अल्मोड़ा से स्कूली शिक्षा और पंतनगर विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक करने वाली तृप्ति भट्ट को काबिल और सख्त अधिकारियों में गिना जाता है।
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों में बड़ा फेरबदल…….
विम्मी सचदेवा रमन- आईजी मुख्यालय की जिम्मेदारी हटाकर अब उन्हें आईजी प्रॉविजनिंग एवं मॉडर्नाइजेशन का प्रभार दिया गया है।
नीरू गर्ग- आईजी पीएसी/एटीसी से हटाकर उन्हें आईजी फायर सर्विस बनाया गया है।
मुख्तार मोहसिन- फायर सर्विस से हटाकर उन्हें अब आईजी जीआरपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कृष्ण कुमार वी.के.- अब उनके पास केवल डीजी टेलीकम्युनिकेशन की जिम्मेदारी रहेगी, सीआईडी की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है।
करन सिंह नगन्याल – आईजी अभिसूचना/सुरक्षा के साथ-साथ अब उन्हें आईजी कारागार की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।
अरुण मोहन जोशी – आईजी SDRF से हटाकर अब उन्हें आईजी CID की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
नीलेश आनंद भरणे – उन्हें आईजी PAC की कमान सौंपी गई है।
सुनील कुमार मीणा – अब उनके पास केवल आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था/सीसीटीएनएस/एससीआरबी की जिम्मेदारी रहेगी।
योगेंद्र सिंह रावत- उन्हें आईजी कार्मिक के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक मुख्यालय का प्रभार भी सौंपा गया है।
निवेदिता कुकरेती – उनसे उप महानिरीक्षक फायर सर्विस की जिम्मेदारी हटाकर उप महानिरीक्षक SDRF बनाया गया है।
एसपी स्तर पर भी कई परिवर्तन…….
रामचंद्र राजगुरु – आईआरबी प्रथम रामनगर से हटाकर अब उन्हें पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय बनाया गया है।
यशवंत सिंह – सेनानायक 31वीं वाहिनी PAC, रुद्रपुर के साथ-साथ अब वे सी-नायक IRB प्रथम, रामनगर की भी जिम्मेदारी संभालेंगे।
सरिता डोभाल – उन्हें एसपी अभिसूचना मुख्यालय के साथ-साथ एसपी एटीएस की महत्वपूर्ण कमान दी गई है।
हरीश वर्मा – हल्द्वानी में एसपी (क्षेत्रीय) के पद से हटाकर उन्हें सेनानायक 40वीं वाहिनी PAC, हरिद्वार भेजा गया है।
यह तबादला सूची राज्य पुलिस व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव मानी जा रही है। सरकार द्वारा अधिकारियों की क्षमता और अनुभव के मुताबिक जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक दक्षता को और मजबूत किया जा सके।
