• Sun. Oct 11th, 2026

रोशनाबाद सूर्यनगर निवासी व्यक्ति ने बेटे-बहू समेत पांच लोगों पर लगाए गंभीर आरोप, एसएसपी के यहाँ दी शिकायत, बताया जानमाल का खतरा,

ByManish Kumar Pal

Aug 30, 2026

NEWS NATIONAL 

हरिद्वार। रोशनाबाद क्षेत्र निवासी 56 वर्षीय बुजुर्ग ने अपने बेटे, बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ मारपीट, अभद्र व्यवहार, संपत्ति पर कब्जे का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बुजुर्ग ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को प्रार्थना पत्र देकर थाना सिडकुल पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।
शिकायतकर्ता राकेश पुत्र पुरूष, निवासी छन्नोंक थाना नगीना सोती, जिला बिजनौर, हाल निवासी सूर्यनगर कॉलोनी रोशनाबाद, थाना सिडकुल के अनुसार पिछले करीब दो वर्षों से उसके बेटे सूरज  और पुत्रवधू नीतू  द्वारा उसके साथ अभद्र व्यवहार और विवाद किया जा रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कई बार उसके साथ घर के अंदर मारपीट भी की गई।
बुजुर्ग का आरोप है कि पुत्रवधू द्वारा दहेज मांगने के संबंध में सिडकुल पुलिस को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन जांच में आरोप झूठे पाए जाने की बात कही गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक इसके बाद भी कथित रूप से उत्पीड़न जारी रहा।
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि जब बुजुर्ग ने इसका विरोध किया तो सूरज  के ससुर नरेंद्र तथा अन्य परिजनों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी संपत्ति को कथित रूप से पुत्रवधू नीतू के नाम करने का दबाव बनाया। इस संबंध में भी शिकायतकर्ता ने रोशनाबाद कोर्ट चौकी में प्रार्थना पत्र देने की बात कही है।
बुजुर्ग के मुताबिक करीब छह-सात महीने पहले भी उसके साथ कई बार जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर घर भेज दिया, लेकिन इसके बावजूद कथित धमकियां बंद नहीं हुईं।
अब शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पिछले करीब एक सप्ताह से उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। कथित तौर पर उससे कहा जा रहा है कि या तो संपत्ति नीतू के नाम कर दे, अन्यथा उसे झूठे मामले में जेल भिजवा दिया जाएगा अथवा जान से मार दिया जाएगा।
बुजुर्ग ने आशंका जताई है कि नामजद लोग उसके साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। उसने एसएसपी से मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिडकुल को रिपोर्ट दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं कानूनी कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed