NEWS NATIONAL
झज्जर। वीरों की देवभूमि कहे जाने वाले गांव धारौली में 1965 भारत-पाक युद्ध के शहीद लांस नायक हवा सिंह लांबा की स्मृति एवं सम्मान में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सामाजिक संस्था मां-मातृभूमि सेवा समिति, धारौली ने जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, झज्जर के सहयोग से शहीद हवा सिंह लांबा राजकीय माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 11वें रक्तदान शिविर में एक महिला सहित 86 युवाओं ने रक्तदान किया। सिविल अस्पताल, झज्जर की ब्लड बैंक टीम ने रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी कराई।
समिति के अध्यक्ष युद्धवीर सिंह लांबा ने बताया कि शिविर में कई रक्तदाताओं ने नियमित रक्तदान की मिसाल कायम की। कोसली निवासी नितेश भोरिया ने 46वीं बार, भिंडावास निवासी डॉ. सोनू ने 34वीं बार, धारौली निवासी रिंकू लांबा और छप्पार निवासी मास्टर धर्मवीर नाहरवाल ने 24वीं बार तथा रिलायंस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन सुखवीर जाखड़ ने 23वीं बार रक्तदान किया।
कार्यक्रम में 26 बार रक्तदान कर चुके गिरधरपुर निवासी अश्वनी मल्हान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जहाजगढ़ निवासी समाजसेवी एवं 19वीं बार रक्तदान कर चुके प्रमोद जांगड़ा विशेष अतिथि रहे। साल्हावास के समाजसेवी पवन जाखड़ ने भी विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। जहांगीरपुर निवासी डॉ. संदीप गुलिया, जो अब तक 30 बार रक्तदान कर चुके हैं, ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
शिविर को सफल बनाने में कोसली सहित आसपास के क्षेत्रों के शिक्षाविदों, समाजसेवियों और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने आर्थिक एवं अन्य सहयोग प्रदान किया। आयोजकों ने सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
वहीं, पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से समाजसेवी मंजीत सिंह, प्रो. श्री हंस बैग एवं स्टेशनरी हाउस, कोसली की ओर से शिविर में पहुंचने वाले पहले 60 रक्तदाताओं को एक-एक इंडोर प्लांट निशुल्क भेंट किया गया।
आयोजकों ने कहा कि शहीद लांस नायक हवा सिंह लांबा की स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर युवाओं को देशसेवा, समाजसेवा और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।
