NEWS NATIONAL
रोशनाबाद सिडकुल / ग्राम पंचायत सलेमपुर पुर के रोशनाबाद गांव में दूसरी मुख्य सड़क पर बीच सड़क में पानी की बोरिंग का काम किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं। सड़क पर बोरिंग मशीन और निर्माण कार्य के चलते आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क की स्थिति भी खराब नजर आ रही है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर किस विभाग अथवा सक्षम अधिकारी की अनुमति से मुख्य सड़क के बीचों-बीच पानी की बोरिंग की जा रही है? क्या सड़क पर इस तरह का कार्य करने से पहले संबंधित विभाग से अनुमति ली गई है और सड़क की खुदाई के बाद उसकी मरम्मत की जिम्मेदारी किसकी होगी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मुख्य सड़क पर इस तरह से बोरिंग या अन्य निर्माण कार्य बिना उचित अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था के किया जाता है, तो भविष्य में यातायात बाधित होने, दुर्घटना होने और सड़क की स्थिति और खराब होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।
सवाल यह भी है कि क्या किसी भी व्यक्ति या संस्था को अपनी जरूरत के लिए सार्वजनिक सड़क पर इस प्रकार बोरिंग करने की अनुमति दी जा सकती है? यदि अनुमति है तो उसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं है और यदि अनुमति नहीं है तो संबंधित विभाग कार्रवाई कब करेगा?
अब जरूरत है कि ग्राम पंचायत, संबंधित विभाग और प्रशासन पूरे मामले का संज्ञान लेकर मौके पर जांच करें और स्पष्ट करें कि बोरिंग के लिए किसकी अनुमति ली गई है। साथ ही सड़क की सुरक्षा और भविष्य में होने वाली परेशानी को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
यह किसी व्यक्ति विशेष का विरोध नहीं, बल्कि सार्वजनिक सड़क और आम जनता की सुविधा से जुड़ा सवाल है। गांव के लोगों को भी अपने सार्वजनिक रास्तों और सुविधाओं को लेकर सवाल उठाने का पूरा अधिकार है।
